फरीदकोट में महिला कांग्रेस का सरकार खिलाफ प्रदर्शन:33 प्रतिशत आरक्षण देने की रखी मांग, डीसी से मुलाकात की कोशिश

फरीदकोट जिले में पंजाब प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी के आहवान पर जिला महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और लोकसभा समेत देश की सभी विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग रखी। प्रदर्शन के बाद जिला महिला कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री के नाम डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन भी सौंपा गया। जिला महिला कांग्रेस की प्रधान जतिंदर कौर कलसी की अध्यक्षता में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर महिला विरोधी होने के आरोप लगाए। बिल लागू करने पर नहीं ध्यान महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि साल 2010 के दौरान केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए राज्यसभा में बिल पास किया गया था और उस समय भाजपा द्वारा इस बिल का विरोध भी किया गया था। हालांकि इसके बाद खुद भाजपा की सरकार ने साल 2023 में लोकसभा में बिल पारित किया, लेकिन अभी तक इसे लागू करने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। सरकार की नीतियों की आलोचना उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं है और ऐसे हालात में महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में आरक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि वह भी देश के विकास में अपना योगदान डाल सके। केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार की नीतियों की भी आलोचना की गई और राज्य की आप सरकार पर महिलाओं से वादाखिलाफी करने के आरोप लगाए गए। आप पार्टी का एक हजार देने का वादा झूठा महिला नेताओं ने कहा कि राज्य में सरकार बनने से पहले आप पार्टी ने सभी महिलाओं को प्रति माह एक हजार देने का वादा किया था, जिसे अभी तक पूरा नहीं किया गया। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष जतिंदर कौर कलसी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं का हक दबाने की कोशिशें की जा रही है, परंतु महिला कांग्रेस ने भी संकल्प कर लिया कि वह देश में महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करवा कर ही दम लेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *