बैकुंठपुर के शासकीय हेचरी सेंटर में बर्ड फ्लू (एच5एन1) की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सभी पक्षियों को नष्ट करने का आदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 24,087 मुर्गियां, 9,998 चूजे, 2,448 बटेर और 19,095 अंडे नष्ट किए गए हैं। हेचरी से मुर्गी और बटेर की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे में 136 घरों का सर्वे किया गया। इनमें 346 लोगों में सर्दी-खांसी के लक्षण पाए गए हैं। 136 घरों का सर्वे किया गया 29 मार्च को पांच मुर्गियों के रक्त नमूने भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए थे। 31 मार्च को आई रिपोर्ट में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई। 1 अप्रैल को हेचरी कर्मचारियों के 20 नेजल स्वाब नमूने लेकर एम्स रायपुर भेजे गए हैं। बार-बार हाथ धोने की सलाह स्वास्थ्य विभाग ने पोल्ट्री उत्पादों से संपर्क में आए लोगों को बार-बार हाथ धोने की सलाह दी है। लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने को कहा है। इलाज के लिए ओसिल्टामिविर दवा और टेस्टिंग सामग्री मंगाई जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है। संदिग्ध मामलों की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को देने को कहा है।


