कोंडागांव में नशामुक्त भारत अभियान को नई दिशा मिल रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत कुम्हारपारा और चिखलपुटी में नवनिर्वाचित सरपंच, उप सरपंच और पंच सदस्यों की मौजूदगी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ। सभी ने नशा न करने की शपथ ली। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभाव और इससे होने वाली बीमारियों की जानकारी दी। चिखलपुटी के नवनिर्वाचित पंच सदस्यों ने अपने गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने नशामुक्ति केंद्रों की सुविधाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना की जानकारी दी जनपद पंचायत माकड़ी और फरसगांव क्षेत्र में भी ऐसे ही कार्यक्रम हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना की जानकारी भी दी गई। लोगों से इस योजना का लाभ लेने की अपील की गई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक ललिता लकड़ा, सुनीता साहू और रमेश मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और नशामुक्त समाज बनाने में योगदान का संकल्प लिया।


