धौलपुर के कोतवाली थाने के बाहर सड़क पर निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा एक गड्ढा खोद दिया गया। करीब डेढ़ महीने पहले खोदे गए इस गड्ढे में आए दिन हादसे के मामले सामने आ रहे हैं। हादसे का ताजा मामला देर रात का है। जब एक अधेड़ घर जाते वक्त बाइक लेकर गड्ढे में गिर गया और गंभीर घायल हो गया। करीब डेढ़ महीने पहले टेलीकॉम कंपनी ने लाइन डालने के लिए कोतवाली थाने के बाहर एक गहरा गड्ढा खोद दिया। कंपनी के मजदूर गड्ढा खोदने के बाद बिना काम किए गड्ढे को खुला छोड़कर चले गए। पुराने अस्पताल से हरदेव नगर को जाने वाली सड़क मार्ग पर गड्ढा खुदा हुआ होने की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। गुरुवार देर रात को बाइक सवार एक अधेड़ घर जा रहा था। जो टेंपो को बचाने के चक्कर में बाइक लेकर गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में गिरने की वजह से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद कोतवाली थाने के एएसआई गिरवर सिंह और पुलिस की टीम ने अधेड़ को बाइक सहित गड्ढे से बाहर निकाला। जिसके बाद पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल हुए अधेड़ को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आपको बता दे कि धौलपुर जिले में इन दिनों गैस कंपनी और टेलीकॉम कंपनी द्वारा खुदाई की जा रही हैं। जिस वजह से शहर में गहरी गहरी गड्ढे बने हुए हैं। जिनकी वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं।


