पीपलू थाना क्षेत्र के जंवाली गांव का लापता वृद्ध का चौथे दिन भी सुराग नहीं लगा है। कुएं में गिरकर उसके मलबे में दबने की आशंका के चलते बुधवार को भी दिनभर प्रशासन ने सर्चिंग की लेकिन शाम तक भी पता नहीं लगा।
पीपलू उपखंड अधिकारी गणराज बड़गौती ने बताया कि ग्राम जवाली निवासी कैलाश (65) पुत्र प्रताप यादव के लापता होने को लेकर परिजनों ने 30 मार्च शाम को थाने में रिपोर्ट दी थी। उसमें बताया गया कि 29 मार्च को कैलाश यादव भैंस चराने गया था, वह शाम को नहीं लौटा। फिर रात भर परिजनों ने तलाश, लेकिन उसका कई भी सुराग नहीं लगा। फिए 30 मार्च को इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दी गई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरु की। इस बीच ग्रामीणों ने 31 मार्च को बताया कि लापता व्यक्ति का साफा गांव के सहोदरा नदी के पास स्थित करीब 40 फ़ीट गहरे कुएं में मिला है। वहीं कुएं के आसपास ही उसकी लकड़ी व पानी की बोतल भी मिली है। कुएं में गिरने की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन ने 31 मार्च को उसका रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान कुएं के पानी को निकालने के लिए मोटर डाली, लेकिन कुएं के नीचे के हिस्से में मिट्टी ढहने से रेस्क्यू ऑपरेशन सफल नहीं हो सका। मंगलवार को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक पुलिस प्रशासन की तरफ से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को कुएं के बराबर में गड्ढा बनाने को लेकर तीन जेसीबी एक लोडर व एक एलएनटी मशीन से खुदाई शुरू की थी। बुधवार सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इसको लेकर पांच एलएनटी मशीनों व एक जेसीबी मशीन, पानी निकालने के करीब पांच बड़े पंप की सहायता से शाम 6 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। एनडीआरएफ की टीम कमांडर गोवर्धन रेगर के नेतृत्व में 25 सदस्य टीम मौके पर पहुंची और प्रयास शुरू किए हैं। दोपहर को कलेक्टर डॉ सौम्या जाने ग्राम जवाली पहुंच रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। मौके पर पीपलू उपखंड अधिकारी गणराज बड़गौती, तहसीलदार कैलाश मीणा, विकास अधिकारी सुनील वर्मा, प्रधान रतनी देवी सत्यनारायण चंदेल, सरपंच संपत कंवर गिरधर सिंह, ग्राम विकास अधिकारी विशाल यादव, थानाधिकारी उदयवीर सिंह व राजेन्द्र ताड़ा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। इनपुट: रामकल्याण सैनी,पीपलू


