वक्फ बिल के समर्थकों को सिखाया– क्या बोलना है:समर्थन के सवाल पर नहीं दे पाए जवाब, बोले–मोदी मुफ्त राशन दे रहे, अच्छा हो रहा

वक्फ बोर्ड बिल को लेकर पूरे देश में जहां मुस्लिम समुदाय विरोध कर रहा है, वहीं भोपाल के हथाईखेड़ा में 2 अप्रैल को बिल के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जश्न मनाते दिखे। दैनिक भास्कर ने प्रदर्शन खत्म होने के बाद जब इन लोगों से बात की तो तस्वीर जुदा नजर आई। रिपोर्टर को देखकर रुद्राक्ष की माला पहने युवक मुस्लिमों को समझाते दिखा कि क्या बोलना है? मस्जिद रहमत आनंदपुरा से नमाज पढ़कर निकल रहे लोगों ने कहा कि मोदी सरकार मुफ्त में राशन दे रही है। गुंडागर्दी खत्म कर दी है। इस कारण हम सरकार का समर्थन कर रहे हैं। हालांकि वे यह नहीं बता पाए कि वक्फ बिल की कौन सी बात उन्हें अच्छी लग रही है? वे सिर्फ इतना बोले कि वक्फ बोर्ड पर कुछ लोग कब्जा जमाकर बैठे हैं। मस्जिद के सदर बोले- विकास सब बता देंगे हथाईखेड़ा कि रहमत आनंदपुरा मस्जिद के सदर मोहसिन ने मोबाइल पर बात करते हुए कहा कि आप आइए मैं मस्जिद पर मिलूंगा… लेकिन दैनिक भास्कर रिपोर्टर जब मौके पर पहुंचा तो मोहसिन मस्जिद पर नहीं मिले। कॉल लगाने पर उन्होंने कहा, मैं काम से बाहर आ गया हूं, वहां आपको विकास जी मिलेंगे वे आपको सब बता देंगे। विकास कौन है? हमें प्रदर्शन करने वाले लोगों से बात करनी है, विकास क्या और क्यों बताएंगे, पूछने पर मोहसिन बोले, विकास ही आपको सब लोगों से मिलवा देंगे। आप मस्जिद के सामने उनसे मिल लीजिए। रिपोर्टर वहां पहुंचा तो एक स्कूटी पर एक युवक बैठा हुआ मिला। रुद्राक्ष माला पहने युवक के इशारे पर लोग हाथ में सोने के मोतियों के साथ रुद्राक्ष की माला बांधे बैठे इस युवक के साथ दो युवक और थे। अपना नाम विकास बताने वाले युवक ने रिपोर्टर से कहा कि बहुत बड़ा प्रदर्शन हुआ आप आए नहीं, अब तो सब थककर जा चुके हैं आपको यहां क्या मिलेगा? अब कोई कुछ नहीं बोलेगा। रिपोर्टर ने मस्जिद में नमाज होने की बात कही तो युवक बोला आप बात करके देख लें, कोई कुछ नहीं बोलेगा। कुछ देर बाद जब मस्जिद से लोग बाहर निकले तो विरोध प्रदर्शन पर सवाल पूछने पर मुंह फेरकर निकल गए। जब तीन–चार लोग कुछ नहीं बोले तब युवक बोला, मैं आपकी बात करा देता हूं, इसके बाद उसने एक बुजुर्ग को रोका और कहा कि आप बता दो प्रदर्शन क्यों किया था। इसके बाद दैनिक भास्कर से बात कर रहे बुजुर्ग की बात को मोबाइल से रिकार्ड करने लगा, युवक के हाथ में मोबाइल देखकर बुजुर्ग चुप हो गए। आपको बाेलना है बड़े–बड़े लोगों का बोर्ड पर कब्जा एक–दो लोगों से बात करने के बीच जब मामले को देख रहे लोगों को लगा कि मामला उनके मनमाफिक नहीं चल रहा था, तो रुद्राक्ष की माला पहने युवक ने एक व्यक्ति का हाथ पकड़ा और खींचते हुए पास लाकर कहा कि, देखो इनसे बात कर लो, आपको बोलना है, हमने वक्फ बोर्ड बिल का समर्थन किया, प्रदर्शन किया… वक्फ बोर्ड पर बड़े–बड़े लोग कब्जा करके बैठे हैं। कई एकड़ जमीन वक्फ बोर्ड के पास है… । इस पर उस बुजुर्ग ने कहा मैं कुछ गलत बोलूं तो…आप टोक देना। ये गरीबों के लिए..सबको साथ देने के लिए… मोहम्मद रफीक ने बताया कि, यह मोदी सरकार ने अच्छा किया है, हम साथ देते हैं। यह गरीबों के लिए… हम लोगों के लिए… सबको साथ देने के लिए….। इस पर रिपोर्टर ने पूछा कि ऐसे कौन से संशोधन है वक्फ के जिन्हें आप पसंद कर रहे हैं, समर्थन कर रहे हैं ? पूछने पर उन्होंने कहा कि, यह गरीबों के लिए… हम लोगों के लिए… सबको साथ देने के लिए….। इसके बाद उन्होंने सामने खड़े युवकों की ओर देखा और चुप हो गए। शिवराज ने वजीफा दिलाया, मोदी ने फ्री में गल्ला दिया लतीफ खान बोले कि मोदी सरकार ने गुंडागर्दी सब खत्म कर दी, भाईचारा रखा। बजरंग दल वालों की फितरती चाल है वो तो कहते रहते हैं ये कर देंगे वो कर देंगे …. वो कुछ नहीं कर सकते। मोदी ने गल्ला फ्री कर दिया। शिवराज सिंह ने जो योजना बनाई उससे वजीफा मिल रहा है। बुजुर्गों को 600 रुपए महीना दे रहे हैं। यहां का सिस्टम अलग…हम किसी और का सपोर्ट नहीं कर सकते गांव के मोहम्मद नसीम बोले… मोदी जी ने जो कानून लगवाया है, वक्फ बोर्ड की जमीन को आजाद कराया है, यहां बड़े–बड़े माफिया बैठे हुए थे। उसी के समर्थन में यहां प्रदर्शन हुआ है। आप किन बिंदुओं पर बिल का समर्थन करते हैं, पूछने पर वे बोले, यही सिस्टम है। इधर का एरिया शुरू से जुड़ा हुआ है… नहीं समझे। आज से 60 साल पहले से शरीफ भाई मछली वालों से जुड़े हुए हैं, उनकी वजह से यह सपोर्ट चल रहा है। अब उनकी औलादें कर रही हैं तो हम भी कर रहे हैं, अब क्या होता है कि हम दूसरे को सपोर्ट नहीं कर सकते।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *