भास्कर न्यूज | बालोद जिले के 10 मूल्यांकन केंद्रों मंे मंगलवार से कक्षा 5वीं व 8वीं की केंद्रीयकृत बोर्ड परीक्षा के उत्तरपुस्तिकाओं की जांच शुरू हो चुकी है। 10 में से 5 मूल्यांकन केंद्र शहरी व 5 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए है। विभागीय अफसरों का कहना है कि ओपन व लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं चल रही है। इस वजह से ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी संस्थान का मूल्यांकन केंद्र बनाने की नौबत आई। हर ब्लॉक में दो केंद्र बनाए गए है। गुंडरदेही के दोनों केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में है। बालोद ब्लॉक के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आमापारा बालोद, बुनियादी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाररास को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इसी तरह डौंडी ब्लॉक में स्वामी आत्मानंद स्कूल डौंडी, आदर्श उमावि डौंडी, डौंडीलोहारा ब्लॉक में स्वामी आत्मानंद स्कूल लोहारा, स्वामी आत्मानंद अछोली को केंद्र बनाया गया है। गुंडरदेही ब्लॉक में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कचांदुर और ईरागुड़ा को केंद्र बनाया गया है। गुरूर ब्लॉक में स्वामी आत्मानंद विद्यालय गुरूर और स्वामी आत्मानंद विद्यालय अरमरीकला को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। पहले बालोद ब्लॉक में 6, गुरूर ब्लॉक में 4, गुंडरदेही ब्लॉक में 5, डौंडी ब्लॉक में 5, डौंडीलोहारा ब्लॉक में 6 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। शिक्षा विभाग के अनुसार 173 स्कूलों में आयोजित परीक्षा में कक्षा 5वीं के कुल 11 हजार 856 और 8वीं के 12 हजार 215 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। प्रत्येक केंद्र में 60 से भी अधिक शिक्षकों की ड्यूटी प्रत्येक केंद्र में 60 से ज्यादा शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। गुंडरदेही के दो केंद्र में 80+ शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। बीईओ नवीन यादव, एबीईओ श्रद्धा ठाकुर ने बताया कि एक-एक विषय के लिए 10 से 20 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। एक मूल्यांकनकर्ता यानी शिक्षक को एक दिन में अधिकतम 40 उत्तर पुस्तिकाएं ही मूल्यांकन के लिए देने का फरमान है। शिक्षा विभाग की ओर से प्रत्येक विषय के लिए 1-1 शिक्षक को मुख्य (हेड) मूल्यांकनकर्ता नियुक्त किया गया है।


