बाड़ी कोतवाली में बुधवार को शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सीओ महेंद्र कुमार और कोतवाली एसएचओ अमित शर्मा ने की। बैठक में आगामी त्योहारों की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया। इनमें 6 अप्रैल को रामनवमी, 12 अप्रैल को हनुमान जयंती और 14 अप्रैल को बाबा साहेब अंबेडकर जयंती शामिल हैं। साथ ही नवरात्र महोत्सव पर भी चर्चा हुई। एसएचओ अमित शर्मा ने सदस्यों से त्योहारों के दौरान सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना या विवाद की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। साइबर अपराध पर विशेष जोर देते हुए एसएचओ ने कहा कि अकेले रहने वाले लोग इसके शिकार हो रहे हैं। उन्होंने फर्जी फोन कॉल और वॉट्सएप कॉल से सावधान रहने की सलाह दी। पुलिस या अधिकारी बनकर ठगी करने वालों से बचने के लिए जागरूकता फैलाने पर बल दिया। बैठक में डिजिटल अरेस्ट और युवाओं में बढ़ते स्मैक के प्रयोग पर भी चिंता जताई गई। इस मौके पर डॉ.वीरेंद्र यादव, डॉ.जितेंद्र गुलपारिया, डॉ.आशुतोष शर्मा समेत शांति समिति के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।


