एमडीएम में मिली मरी हुई छिपकली, 65 बच्चे पहुंचे हॉस्पिटल:बलरामपुर में एमडीएम खाने वाले बच्चों को होने लगी उल्टी, सभी खतरे से बाहर

बलरामपुर जिले के कुसमी ब्लॉक अंतर्गत गजाधरपुर के तुर्रीपानी प्रायमरी स्कूल में बच्चों के भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल में मध्यान्ह भोजन खाने वाले करीब 65 से अधिक बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हालांकि ऐहतियातन बच्चों को हॉस्पिटल में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत गजाधरपुर के तुर्रीपानी प्रायमरी स्कूल में गुरूवार को बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाया गया था। मध्यान्ह भोजन बनाने के बाद सभी बच्चों को खाना खाने को दिया गया। बच्चे खाना खा रहे थे, इसी दौरान एक बच्ची वंशिका की थाली में मरी हुई छिपकली निकली। जब तक छिपकली का पता चला, 65 से अधिक बच्चे खाना खा चुके है। बच्चों को होने लगी उल्टी, मचा हड़कंप
खाना खाने के बाद कुछ बच्चों को उल्टी होने लगी एवं पेट में दर्द होने लगा। इसकी सूचना हेडमास्टर सरस्वती गुप्ता ने बीईओ रामपत यादव को दी। जिन बच्चों की तबीयत बिगड़ी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया। कुसमी में बच्चों का उपचार तत्काल शुरू किया गया। बीईओ रामपत यादव सहित अन्य अधिकारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। सभी बच्चे खतरे से बाहर
स्कूल में मध्यान्ह भोजन खाने वाले सभी बच्चों को बाद में खोज-खोजकर हॉस्पिटल लाया गया और उन्हें नमक पानी पिलाकर उल्टी कराई गई। कुछ बच्चों को पेट दर्द की शिकायत थी, कुछ को मितली आ रही थी। हॉस्पिटल लाए गए करीब 10 बच्चों को ज्यादा उल्टी हो रही थी। एक बच्चे की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। उपचार के बाद सभी की हालत अब सामान्य है। बीईओ रामपत यादव ने बताया कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। खाना बनाने के दौरान छिपकली गिरने की आशंका
स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए तीन सहायिकाएं हैं। आशंका है कि खाना बनाने के दौरान छिपकली गिरी थी। स्कूल में आज 101 बच्चे उपस्थित थे, जिनके लिए मध्यान्ह भोजन बनाया गया था। हालांकि स्कूल में दर्ज संख्या करीब 150 है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *