भास्कर न्यूज | अमृतसर 2 दिन पहले थाना झंडेर में एक डाक्टर से बार-बार 50 लाख की फिरौती मांगने के मामले को लेकर अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने सरकार और पुलिस को घेरा। सोशल मीडिया पर वीडियो डालते मजीठिया ने डॉक्टर को सुरक्षा के लिए एक बीमार गनमैन देने का आरोप लगाया। मजीठिया ने बताया कि पंजाब में लॉ एंड आर्डर की स्थिति खराब होती जा रही है। थानों और चौकियों पर ग्रेनेड हमले कराने वाले आंतकवादी हैप्पी और जीवन फौजी आजकल चढ़त में हैं, जो पंजाब के लोगों से फिरौतियां मांग रहे हैं। इसके साथ फिरौती न देने वालों की रैकी करते हुए उसकी एक-एक रिपोर्ट हासिल कर धमका रहे हैं। वहीं आप नेता तलबीर गिल ने बिक्रम मजीठिया के वीडियो का जबाव देते हुए सिक्योरिटी के बारे में जानकारी देते हुए डाक्टर की सुरक्षा में खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। गिल ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि बिक्रम मजीठिया ने वीडियो जारी करके डाक्टर के बारे और उसकी सिक्योरिटी की जानकारी दे रहे हैं। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। डाक्टर को गनमैन भी दिया गया है लेकिन बिक्रम मजीठिया गनमैन बीमार है ऐसी बातें करके डाक्टर की सुरक्षा को फिरौती मांगने वालों तक पहुंचा रहे हैं। मजीठिया ऐसी बात करके सोशल मीडिया पर डालते हुए डाक्टर की दुश्मनी को बढ़ा रहे हैं। मजीठिया को परिवार के साथ मिलकर बात करनी चाहिए, न कि सिक्योरिटी को ऐसे सोशल मीडिया पर उजागर करना चाहिए। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में बिक्रम मजीठिया ने कहा कि गांव नवां पिंड के रहने वाले एक डाक्टर का सामने आया है। थाना झंडेर पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात पर पर्चा दर्ज किया लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। डाक्टर से 50 लाख की फिरौती मांगी गई थी और पर्चा दर्ज होने के बाद भी डाक्टर को फिरौती की रकम के लिए रिकॉर्डिंग भेजकर और मैसेज के जरिए धमकाया जा रहा है। डाक्टर को एक गनमैन दिया गया है, जो खुद ही बीमार है। वह खुद को नहीं संभाल पा रहा तो डाक्टर की क्या सुरक्षा करेगा। यहां तक कि रैकी करने वालों ने डाक्टर की कार पर गोली भी चलाई। जिसमें डाक्टर का परिवार सहित बच्चे बैठे हुए थे, यह तो भला हो ड्राइवर का जिसने कार को भगाकर परिवार की जान बचाई। डॉक्टर से फिरौती मांगने के मामले में पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हुई हैं। अगर गनमैन बीमार हुआ है तो बदला भी जा सकता है। डाक्टर और उनके परिवार की सुरक्षा करना पुलिस की जिम्मेदारी है। रैकी हो रही है तो पुलिस को कई सारे लीड मिले हैं। जल्द ही इस मामले को सुलझाया जाएगा। -गुरविंदर सिंह, डीएसपी अजनाला


