संगरिया नगर पालिका के अध्यक्ष सुखवीर सिंह सिद्धू के खिलाफ शुक्रवार को पालिका के निर्वाचित पार्षदों ने जिला कलेक्टर कानाराम को अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया। निर्वाचित सदस्यों (पार्षद) ने अविश्वास प्रस्ताव सौंपते हुए बहुमत का दावा किया। पार्षदों ने कहा कि पालिकाध्यक्ष सुखवीर सिंह सिद्धू की ओर से नगर पालिका अधिनियम 2009 के अध्याय-3 के अनुसार नगर पालिका में साधारण बैठकों का निर्धारित समय पर आयोजन नहीं करवाया गया है और शहर के सर्वांगीण विकास में गतिरोध है। सुखवीर सिंह सिद्धू की कार्यशैली से अधिकतर पार्षद असंतुष्ट व क्षुब्ध हैं। सुखवीर सिंह सिद्धू के भ्रष्ट व अभद्र आचरण के कारण नगर पालिका संगरिया में विकास एवं जनहित के कार्य अवरूद्ध हो गए हैं। नगर पालिका संगरिया की साख पर विपरित व नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इससे पालिकाध्यक्ष सुखवीर सिंह सिद्धू में नगर पालिका मण्डल संगरिया के सदस्यों का विश्वास नहीं रहा है। इसलिए वे पालिकाध्यक्ष सुखवीर सिंह सिद्धू में अविश्वास व्यक्त करते हुए अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए प्रस्ताव प्रस्तावित करते हैं। पार्षदों ने नगर पालिकाध्यक्ष सुखवीर सिंह सिद्धू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में आगामी कार्रवाई करने की मांग जिला कलेक्टर से की। प्रस्ताव पार्षद प्रदीप बेनीवाल, रीना महंत, सुशीला देवी, सचिन, रणजीत सिंह, सुनील कुमार, सुमन कन्दोई, भारतभूषण गर्ग, अंजू देवी, विजयपाल, दीपेन्द्र जाखड़, राजेश डोडा, नत्थूसिंह गहलोत, स्वर्णसिंह संगर, प्रिंस मिड्ढा, अमनदीप कौर, राहुल पोटलिया, मीनू गर्ग व खेमचन्द के हस्ताक्षरित था।


