जयपुर-ग्रामीण लोकसभा चुनाव को लेकर हाईकोर्ट ने जारी किए नोटिस:जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर और सांसद राव राजेंद्र सिंह से मांगा जवाब

जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट के चुनाव परिणाम को लेकर शुक्रवार को हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा की चुनाव याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस विनोद कुमार भारवानी की अदालत ने नोटिस जारी किए हैं। अदालत ने जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर, सांसद राव राजेंद्र सिंह और सभी प्रत्याशियों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। चुनाव याचिका में 4 जून को आए परिणाम को चुनौती देते हुए रिकाउंटिंग की मांग की गई है। दरअसल, लोकसभा चुनावों में जयपुर ग्रामीण से बीजेपी प्रत्याशी राव राजेन्द्र 1615 वोटों से चुनाव जीते थे। हार के अंतर से ज्यादा वोट खारिज हुए
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा की तरफ से पैरवी करते हुए वकील संजय शर्मा ने कहा- हमने परिणाम के दिन ही रिटर्निंग ऑफिसर के सामने आपत्तियां दर्ज करा दी थी। रिटर्निंग ऑफिसर ने हमारी आपत्तियों को खारिज करते हुए जवाब दिया कि 1225 पोस्टल बैलेट खारिज हुए हैं। वहीं, हार का अंतर 1615 का है। इसलिए रिकाउंटिंग नहीं की जा सकती है। संजय शर्मा ने कहा- उसी दिन जारी नोट शीट में निर्वाचन विभाग ने माना कि जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर कुल 2738 पोस्टल बैलेट खारिज हुए हैं। जो हार के अंतर से ज्यादा है। ऐसे में रिकाउंटिंग कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा- हमें खारिज मत पत्र भी नहीं दिखाए गए, जबकि रिप्रजेंटेशन पीपुल्स एक्ट कहता है कि खारिज मत पत्रों को प्रत्याशी को दिखाया जाना चाहिए। परिणाम वाले दिन धरने पर बैठ गए थे चोपड़ा
लोकसभा चुनाव के परिणाम 4 जून को आए थे। उस दिन कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा ने चुनाव परिणाम में धांधली करने का आरोप लगाया था। वे रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में धरने पर भी बैठ गए थे। लेकिन, उनकी रिकाउंटिंग की मांग को खारिज कर दिया गया था। केवल आंकड़ों को दोबारा से जोड़ा गया था। राव राजेंद्र की जीत घोषित होने के बाद चोपड़ा मतगणना केंद्र से बाहर आए थे। उन्होंने केंद्र के बाहर अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए संयम बरतने की बात कही थी। चोपड़ा ने कहा था- हमें जनता ने आशीर्वाद दिया, जिसके कारण हमें 6 लाख से ज्यादा वोट मिले। हमें यह परिणाम 1 प्रतिशत भी स्वीकार नहीं है। प्रशासन के लोगों ने जिस तरह से हमारे साथ कुठाराघात किया है। 4 घंटे तक इन लोगों ने आपस में कानाफूसी करके इस चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का काम किया है। ———— ये खबर भी पढ़ें-: लोकसभा चुनाव परिणाम को हाईकोर्ट में चुनौती:कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा ने याचिका पेश की, कोर्ट से रिकाउंटिंग की मांग जयपुर ग्रामीण लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा की चुनाव याचिका सोमवार हाई कोर्ट में पेश हुई। याचिका में चोपड़ा ने अदालत से वोटों की फिर से गिनती करने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि रिटर्निंग ऑफिसर ने जो 2,738 पोस्टल बैलेट खारिज किए। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *