जालोर में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट के सामने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। यहां अंबेडकर की तस्वीर के साथ जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने कहा- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भारत रत्न भीमराव अंबेडकर का अपमान किया। शर्मिंदा होने के बजाय कांग्रेस सांसदों को संसद में घुसने नहीं दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की की। राहुल गांधी पर झूठा केस दर्ज कराया। ऐसे में जालोर जिला अध्यक्ष भवरलाल मेघवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जालोर जिला कलेक्ट्रेट के सामने शाम 4 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। उन्होंने नारे लगाकर भाजपा सरकार को संविधान विरोधी बताया। साथ ही गृहमंत्री से माफी की मांग की। इस दौरान विधानसभा प्रत्याशी सरोज चौधरी, ममता जैन, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमिता गर्ग, पूर्व मनोनीत पार्षद सीला चौधरी, पूर्व प्रतिपक्ष नेता बसंत सुथार, भोमाराम मेघवाल, पुखराज माली, मिश्रिमल माली महेन्द्र सोनगरा, दीपक थावला, जोगाराम सरगरा व रमेश सोलंकी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


