घायल पुलिसकर्मियों की एंबुलेंस हॉस्पिटल की दीवार से भिड़ी, VIDEO:ASP-ASI समेत 4 को लेकर पहुंची थी जोधपुर; बालोतरा में हुआ था एक्सीडेंट

जोधपुर में ASP समेत 4 घायल पुलिसकर्मियों को लेकर आई एंबुलेंस हॉस्पिटल की दीवार से भिड़ गई। बालोतरा में शुक्रवार सुबह 11:15 बजे नेशनल हाईवे-25 पर पुलिसकर्मियों की गाड़ी क्रेटा कार से टकरा गई थी। इसमें ASP, ASI समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घायल पुलिसकर्मियों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लेकर आए थे। एंबुलेंस के टकराने से हॉस्पिटल में खड़े एडिशनल एसपी भी घायल हो गए। वहीं एंबुलेंस में बैठा अटेंडेंट उछलकर गिरा। एंबुलेंस को ड्राइवर कंट्रोल नहीं कर पाया
जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार ने बताया- बायतु थाना इलाके के बनिया संधा धोरा के पास हुए सड़क हादसे में घायल 4 पुलिसकर्मियों को पहले बायतु हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से सभी को जोधपुर रेफर किया गया। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर से बनाकर दोपहर करीब 1:40 बजे जोधपुर लाया गया। एमडीएम हॉस्पिटल में तेज रफ्तार में आई एंबुलेंस को ड्राइवर कंट्रोल नहीं कर पाया। इससे एंबुलेंस ट्रॉमा वार्ड की दीवार से भिड़ गई। घायलों को रिसीव करने पहुंचे जोधपुर ग्रामीण के एडिशनल एएसपी भोपालसिंह को मामूली चोटें आई हैं। दीवार पर लगी रेलिंग और कांच टूट गए। एसपी बोले- दोनों कारों में थे पुलिसकर्मी
एसपी हरिशंकर ने बताया- पुलिस की कार (महिंद्रा टीयूवी) में जोधपुर रेंज आईजी कार्यालय में पोस्टेड ASP अरविंद विश्नोई पुत्र देवाराम निवासी गुड़ाबिश्नोइयान, ASI हुकम सिंह पुत्र नाथू सिंह चारण निवासी डांगियावास, कॉन्स्टेबल अनिल चौधरी पुत्र भंवरलाल निवासी सालवा कल्ला और ड्राइवर (कॉन्स्टेबल) दिलीप मेघवाल पुत्र मानकलाल निवासी महामंदिर (जोधपुर) थे। सभी जोधपुर रेंज आईजी ऑफिस से बाड़मेर जा रहे थे। वहीं क्रेटा कार में सीईओ चौहटन के रीडर गोपी किशन मेघवाल सवार थे। साथ में उनकी पत्नी, बेटी और एक महिला रिश्तेदार थी। गोपी किशन परिवार के साथ बालोतरा की तरफ जा रहे थे। नेशनल हाईवे-25 पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। क्रेटा कार से टकराने के बाद पुलिस की कार रोड से उतरकर करीब 20 मीटर दूर जाकर झाड़ियों में पलट गई। कार में सवार सभी 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें कॉन्स्टेबल अनिल चौधरी की हालत गंभीर है। पुलिस लोगों की मदद से सभी को पहले बायतु हॉस्पिटल लेकर गई। वहां से जोधपुर रेफर कर दिया गया। क्रेटा कार में सवार सभी लोगों को हल्की चोटें लगीं। उनका बायतु में प्राथमिक इलाज किया गया और छुट्‌टी दे दी गई। देखिए हादसे की तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *