मुंबई (महाराष्ट्र) बोट हादसे में शहीद हुए जयपुर के मार्कोस कमांडो (नेवी) महेंद्र सिंह शेखावत (34) का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव रेनवाल के जूनसिया में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी 9 साल की बेटी हर्षिता ने शहीद महेंद्र सिंह को मुखाग्नि दी। वहीं, 5 साल की छोटी बेटी युगांतिका ने पिता की पार्थिव देह को पहले प्रणाम किया, फिर सैल्यूट किया। पिता के अंतिम दर्शन पर उसने कहा कि मैं भी बड़ी होकर अधिकारी बनूंगी। रेनवाल तहसीलदार कोमल यादव ने बताया कि किशनगढ़ रेनवाल थाना इलाके के जूनसिया गांव के महेंद्र सिंह नेवी में मार्कोस कमांडो के पद पर कार्यरत थे। गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जाते समय बुधवार को समुद्र में जहाज और बोट के जबरदस्त टक्कर हुइ थी, जिसमें वे शहीद हो गए थे। हादसे में 13 अन्य लोगों की भी दर्दनाक मौत हो गईं थी। वही 10 सामान्य लोग और तीन नेवी के जवान शहीद हुए हैं। महेंद्र सिंह धोनी को दे चुके हैं ट्रेनिंग
बताया जा रहा है कि नेवी में कार्यरत यह जवान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी गन चलाने की ट्रेनिंग दे चुके हैं। तहसीलदार कोमल यादव ने बताया कि महेंद्र सिंह दो महीने बाद नेवी से रिटायरमेंट होने वाले थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर शहीद महेंद्र सिंह की पार्थिव देह पहुंची, जहां से शहीद की पार्थिव देह आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से आर्मी के जवानों ने शहीद को सलामी दी व सैन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पितकर श्रद्धांजलि दी। जहां शहीद की पार्थिव देह से सड़क मार्ग से चौमूं ईटावा होकर शहीद के पैतृक गांव जूनसिया पहुंची। जहां स्थानीय प्रशासन, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। हजारों की तादाद में लोग हुए शामिल
शहीद के पैतृक गांव में शहीद की पार्थिव देह की तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें आस पास के हजारों की तादाद में लोगों ने शहीद की शहादत को सलाम किया। वहीं, सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी। शहीद की अंतिम यात्रा में शहीद महेंद्र सिंह अमर रहे के जयघोष नारे लगाए गए। शहीद की अंतिम यात्रा पर जगह-जगह हो रही पुष्प वर्षा की गई। शहीद के अंतिम संस्कार में शहीद की 5 साल की मासूम बेटी युगांतिका बोली बड़ी होकर में भी मेजर अधिकारी बन कर पापा का सपना साकार करुंगी। अंतिम यात्रा में जयपुर जिला प्रमुख रमा चौपड़ा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चौपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


