सिरमटोली रैंप को लेकर एक पक्ष ने की बैठक, दूसरे पक्ष ने किया शुद्धिकरण

रांची | सिरमटोली में बन रहे फ्लाईओवर के रैंप को लेकर चल रहे विवाद को लेकर शनिवार को केंद्रीय सरना स्थल में दो कार्यक्रम हुए। एक पक्ष ने रैंप हटाने को लेकर बैठक की। वहीं दूसरे पक्ष ने सरहुल के दिन काला पट्टा दिखाने को लेकर शुद्धिकरण कार्यक्रम किया। केंद्रीय सरना स्थल बचाओ मोर्चा की ओर से आदिवासी समाज की महाबैठक हुई। बैठक में सरहुल शोभायात्रा में शामिल सैकड़ों खोड़हा दलों के अगुवा शामिल हुए। पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव ने कहा कि इस बार की शोभायात्रा में समाज के पांच लाख से भी अधिक लोग शामिल हुए। आदिवासी समाज तीन महीने से सरना स्थल के सामने बने फ्लाईओवर के रैंप को हटाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है। राज्य सरकार को आदिवासी आंदोलन से कोई फर्क नहीं पड़ रहा। आदिवासी संगठनों ने संयुक्त रूप से कहा कि अब आदिवासी विधायकों के आवास का घेराव सरहुल शोभायात्रा की तर्ज पर किया जाएगा। सबसे पहले मंत्री सह विशुनपुर विधायक चमरा लिंडा, फिर खिजरी विधायक राजेश कच्छप के आवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी रैंप नहीं हटाया गया तो अन्य विधायक एवं मुख्यमंत्री के आवास का भी घेराव किया जाएगा। बैठक में अगुवा कुंदरसी मुंडा, राहुल तिर्की, निरंजना हेरेंज टोप्पो, प्रेमशाही मुंडा, रवि मुंडा, पवन तिर्की, संगीता कच्छप सहित काफी संख्या में लोग शामिल हुए। रांची| शनिवार को केंद्रीय सरना स्थल सिरम टोली में शुद्धिकरण पूजा अनुष्ठान किया गया। मुख्य पाहन रोहित हंस की अगुवाई में यह कार्यक्रम हुआ। मौके पर सैकड़ों सरना धर्मावलंबी शामिल हुए। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने कहा कि रैंप संबंधी समस्या का समाधान संवाद और योजना बनाने से होगा। अवसरवादी राजनीति से बचना होगा। वहीं प्रकाश हंस ने कहा सरहुल के दिन काला पट्टा दिखाना दुर्भाग्यपूर्ण था। यह अशुभ कार्य था। समाज में गलत संदेश गया, सरहुल शोभा यात्रा प्रभावित हुई। विजय कच्छप ने कहा कि केंद्रीय सरना स्थल धार्मिक स्थल है, यहां सरहुल के दिन काला पट्टा दिखाना गीताश्री उरांव के मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। निमा तिर्की ने कहा रैंप सबंधी मामले में अजय तिर्की को बदनाम किया जा रहा है। लोग अवसरवादी राजनीति कर रहे हैं। लोग सरना भवन में कब्जा के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं। रैंप संबंधी समस्या पर राजनीति की जा रही है। भाजपा नेत्री आरती कुजूर, पिंकी खोया, गंगोत्री कुजूर और रवि मुंडा की उपस्थि​ित यही दर्शाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *