नगर निगम:शहरभर से निकाले बैनर-पोस्टर नेताओं ने महापुरुषों को भी ढंक दिया थानगर निगम

नगर निगम ने पिछले दो दिनों में शहरभर में अभियान चलाकर बैनर-पोस्टर निकाले। इनकी वजह से शहर की सुंदरता खराब हो गई थी। वहीं ज्यादातर जगहों पर बैनर-पोस्टर चौराहों में महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने ही लगा दिए गए थे। इससे प्रतिमाएं पूरी तरह ढंक गई थीं।
शुक्रवार को सभापति सूर्यकांत राठौर ने निगम मुख्यालय के सामने लगा अपना पोस्टर खुद निकलवाया। इसके बाद उन्होंने शहर में लगे सभी बैनर-पोस्टरों को हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान कई जगहों पर ऐसी स्थिति नजर आई कि चौराहों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाएं ही उन पोस्टर से ढंक गई थीं। सारे पोस्टर निकाले गए।
पोस्टरों के खिलाफ निगम का कोई नियम नहीं : शहर में बैनर-पोस्टरों के खिलाफ नगर निगम कोई नियम ही नहीं बना पा रहा है। इस वजह से शहर में कोई भी कहीं पर भी बैनर-पोस्टर लगा रहा है। इस बात का भी ख्याल नहीं रखा जाता कि पोस्टर से शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। डिवाइडरों में इतनी कम ऊंचाई पर पोस्टर लगाए गए हैं, कि सड़कों पर चलने वाले वाहन भी दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटना की भी आशंका रहती है। नेताओं के बैनर-पोस्टरों से महापुरुषों की प्रतिमाओं को भी ढंक दिया जाता है। देश के दूसरे शहरों में खासतौर पर चंडीगढ़, सूरत, इंदौर इत्यादि शहरों में बैनर पोस्टर के खिलाफ सख्त नियम है। वहां कुछ घंटों के लिए ही छूट दी जाती है। समय अवधि के बाद नेताओं को अपने बैनर-पोस्टर खुद निकलवाने होते हैं। रायपुर में राजनीतिक दबाव की वजह से नगर निगम ऐसा कोई नियम ही नहीं बना पा रहा है। जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इस संबंध में कोई पहल नहीं की जा रही। इसकी वजह यह है कि शहर में सालभर बैनर-पोस्टर नेताओं के ही लगे रहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *