भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ में लघु वनोपज संघ अब सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई के मूड में दिख रहा है। जिले में लघु वनोपज प्रबंधक संघ ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ ने ये हड़ताल सात सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू की है। प्रबंधक संघ की मानें तो उनके प्रतिनिधिमंडल ने हड़ताल से पहले राज्य लघु वनोपज संघ के अधिकारियों से मुलाकात की थी, जिसमें लघु वनोपज संघ ने अपनी मांगों को अधिकारियों के सामने रखा था, फिर भी अधिकारियों की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया, इसलिए लघु वनोपज संघ ने हड़ताल पर जाने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि यदि हड़ताल लंबी चली तो प्रदेश के 52 लाख लघु वनोपज संग्राहकों पर इसका असर पड़ेगा। प्रबंधक संघ के जिला अध्यक्ष राकेश कवासी ने कहा कि 37 वर्ष बीत गए, अब हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं, अब नियमितीकरण के अलावा कोई विकल्प हमंे मंजूर नहीं है। बता दें कि छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संग्रहण में पूरे देश में नंबर एक है। लघु वनोपजों के संग्रहण में प्रदेश सरकार को 13 राष्ट्रीय अवार्ड भी मिले हैं। लघु वनोपज संघ के मुताबिक सरकार और अधिकारी 37 साल से प्रबंधकों का शोषण कर रहे हैं।


