दंतेवाड़ा| जिले में भाजपाइयों का आयोजित कार्यक्रम बस्तर पंडुम सिर्फ एक ढोंग है और जनता के पैसों की बर्बादी है। यह बात जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने सभा में जा रहे लोगों के वाहन दुर्घटना होने के बाद कही। तुलिका ने कहा जिस आयोजन के माध्यम से सरकार बस्तर की संस्कृति और परंपरा का बखान कर रही है, उसी आयोजन से पहले बस्तर की आराध्य देवी दंतेश्वरी माई जी की तस्वीर गायब कर दी गई और करोड़ों रुपए की बर्बादी करने के बाद हद तो तब पार हो गई, जब बात ग्रामीणों की जान पर बन आई। जिला पंचायत सदस्य ने इस पूरे मामले में बयान जारी करते हुए कहा कि बस्तर पंडुम सिर्फ दिखावा मात्र है और असली मामला तो बैलाडीला पहाड़ के खदानों के आबंटन से जुड़ा हुआ है। गृहमंत्री अमित शाह का यह दौरा बिल्कुल भी बस्तर की परंपरा और संस्कृति को आगे बढ़ाने नहीं है, बल्कि वे हम आदिवासियों का जीवन को नष्ट करने यहां आ रहे हैं, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण आज उनकी सभा में शामिल होने आ रहे ग्रामीणों के दुर्घटना से मिल चुका है। अमित शाह का यह बस्तर दौरा सिर्फ अपने व्यवसायी दोस्तों को खुश करने और पूरी रणनीति के तहत वे ग्रामीणों से उनका जल-जंगल- जमीन हथियाने की तैयारी में हैं।


