भास्कर न्यूज | कोरबा लावारिस और घुमंतू गौवंशों की सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल को गौ सेवा संयोजक लालिमा जायसवाल ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में पशु चिकित्सा सेवाएं बेहद खराब स्थिति में हैं। जिले में पर्याप्त पशु औषधालय नहीं हैं। घायल और बीमार गौवंशों का इलाज नहीं हो पा रहा। विभाग में ऑपरेशन जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधा भी नहीं है। जायसवाल ने कहा कि विभाग में स्टाफ की भारी कमी है। इससे इलाज की प्रक्रिया और भी प्रभावित हो रही है। लावारिस गौवंशों के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। मृत गौवंशों के अंतिम संस्कार के लिए न तो साधन हैं, न ही मुक्तिधाम की व्यवस्था। यह गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने बताया कि गौ तस्करी पर रोक लगाने में प्रशासन गंभीर नहीं है। बालको क्षेत्र में पशु औषधालय और गौशाला की स्थापना के लिए कई बार शासन को पत्र भेजे गए। अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जायसवाल ने इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाने की मांग की है।


