भास्कर न्यूज | कोडरमा तिलैया डैम ओपी अंतर्गत कांटी गांव स्थित राजकीय होम्योपैथिक औषधालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चोरी की गई सामान और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरविंद कुमार और सुखदेव कुमार उर्फ विजय कांटी निवासी के रूप में की गई है। ज्ञात हो की 30 मार्च से 1 अप्रैल की रात में अज्ञात चोरों ने छत पर लगे गेट के ऊपर की रॉड तोड़कर औषधालय में चोरी की थी। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कोडरमा के निर्देश पर तिलैया डैम ओपी प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसमें शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी के सामान को बरामद कर लिया है। बरामद समानों में ल्यूमिनस इन्वर्टर, बैटरी,पंखा, एयर कूलर, स्टेबलाइजर और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी शामिल है। छापेमारी दल में एएसआई रंजीत कुमार झा सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।


