भास्कर न्यूज|कवर्धा सोशल मीडिया पर दोस्ती कर एक युवक ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला कवर्धा का है। आरोपी ने पहले सोशल मीडिया पर लड़की से जान-पहचान बढ़ाई, फिर मिलने के बहाने बुलाया और मिलने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने परिजन को पूरी बात बताई। परिजन उसे लेकर महिला थाने पहुंचे। वहां शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। डीएसपी कृष्ण कुमार चन्द्राकार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पॉस्को एक्ट के तहत मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर दोस्ती करते समय सावधानी जरूरी है। आभासी दुनिया की चमक में युवा और किशोर अक्सर फंस जाते हैं। परिजन को भी ध्यान रखना चाहिए कि बच्चे सोशल मीडिया पर कितना समय बिता रहे हैं। समय-समय पर उनसे बात करते रहना जरूरी है। उनकी गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।


