पलामू में पुरानी रंजिश में चलवाई गोली:खाना खाते समय दंपती पर फायरिंग, पत्नी की मौत, एक बदमाश धराया

पलामू में शनिवार की रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई। पंडवा थाना क्षेत्र के कजरी गांव में बिहार से आए दो अपराधियों ने एक दंपती पर गोलियां चलाईं। इस हमले में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। घटना रात के समय की है, जब रामा सिंह (50) अपनी पत्नी बबीता देवी (45) के साथ खाना खाने के लिए बैठे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने घर में घुसकर गोली चला दी। गोली बबीता देवी को लगी। आरोपी के भागने पर रामा सिंह ने पीछा किया। इस पर अपराधी ने रामा सिंह को भी गोली मार दी, जो उनके कंधे के पास लगी। एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गया के सलेमपुर निवासी रौशन पासवान के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी राजा पासवान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल दंपती को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में बबीता देवी को रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है। रामा सिंह ने बताया कि दो साल पहले उनके बेटे नंदन सिंह का गांव के पन्ना सिंह के साथ लकड़ी का व्यवसाय था। पन्ना सिंह ने गया के अपराधियों से नंदन की पिटाई करवाकर उसे कंडा घाटी में फेंक दिया था। कुछ दिन पहले भी पन्ना सिंह ने पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी थी। क्या कहती है पुलिस सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। हालांकि पीड़ित की ओर से दिए गए बयान में गांव के ही एक व्यक्ति से पुरानी रंजिश की बात कही गई है। जांच जारी है। ——————— इस खबर को पढ़ें.. हजारीबाग के शहरी इलाके में पहली बार पहुंचा हाथी:राइस रिसर्च सेंटर के जंगली क्षेत्र में घुम रहा, जहां हाथी मौजूद वह रहा है एलिफेंट कॉरिडोर हजारीबाग के सिरसी शंकरपुर रिहायशी इलाके में 10 हाथियों का झुंड पहुंच गया है। इस झुंड में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हाथी फिलहाल राइस रिसर्च सेंटर के जंगली क्षेत्र में आराम कर रहे हैं। वन विभाग की एक टीम लगातार हाथियों पर नजर रख रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं, सेल्फी न लें और उन्हें आवाज देकर परेशान न करें। हाथियों के आस-पास लोगों के एकत्र होने और शोर करने से वे आक्रामक हो जा रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *