6 विवाहित जोड़ों ने किया रक्तदान, महिलाएं रहीं आगे

भास्कर न्यूज | कवर्धा भगवान महावीर स्वामी के 2624वें जन्म कल्याणक वर्ष पर 10 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत जैन स्थानक भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। आयोजन भारतीय जैन संगठन कबीरधाम द्वारा पूनम चंद जमुना देवी सेठिया परिवार के सौजन्य से किया गया। शिविर की शुरुआत तीर्थंकर महावीर के तेल चित्र पूजन से हुई। शिविर में 70 वर्ष की उम्र पार कर चुकी पन्ना देवी नाहर ने रक्तदान कर युवतियों और महिलाओं को प्रेरित किया। नतीजतन, छात्राओं, महिलाओं और मातृ शक्ति की भागीदारी दो तिहाई से अधिक रही। पुरुषों की भागीदारी करीब 30% रही। समय अधिक हो जाने के कारण कई इच्छुक रक्तदाताओं को प्रतीक्षा सूची में रखा गया। शिविर की एक खास बात यह रही कि 6 विवाहित जोड़ों ने अपने जीवनसाथी के साथ रक्तदान किया। कार्यक्रम का संचालन रश्मि बाफना ने किया। शिविर में 70 वर्ष से अधिक उम्र के 21 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस योजना के तहत 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यह कार्य हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएल राज, डीपीएम अनुपमा तिवारी, नगर पालिका कवर्धा, नवजीवन सेवा संस्थान, ब्लड बैंक, सेवा विहार दल, महिला मंडल सहित कई संस्थाओं ने सहयोग किया। मंचासीन अतिथियों में जैन श्री संघ कवर्धा के उपाध्यक्ष संजय देसाई, दिलीप नाहटा, कोषाध्यक्ष संतोष श्रीश्रीमाल, वरिष्ठ मार्गदर्शक गेंदमल मोदी, श्वेतांबर जैन मूर्ति पूजक संघ अध्यक्ष अजय टाटिया, ज्ञानगच्छ प्रमुख प्रमोद नाहटा, आयोजक विनोद सेठिया, समाजसेवी भंवरलाल लूनिया, इंजीनियर एसएस जैन शामिल रहे। इनका स्वागत बीजेएस के विकास सेठिया, विनीत नाहटा, अनिल लूनिया, प्रशांत मोदी, पारस श्रीश्रीमाल, अभिषेक पारख, रूपेश जैन ने तिलक और माल्यार्पण से किया। गेंदमल मोदी और एसएस जैन ने अपने उद्बोधन में बीजेएस की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य सेवा प्रोग्राम छत्तीसगढ़ के समन्वयक डॉ. अतुल जैन और संभाग अध्यक्ष अमित बरडिया ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *