मैराथन दौड़ प्रतियोगिता:फतहसागर पाल पर मैराथन में दौड़े वरिष्ठ नागरिक, शहर को स्वच्छ रखने का दिया संदेश

महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी के 2624वें जन्म कल्याणक महोत्सव के आयोजनों की श्रृंखला में आठवें दिन शनिवार को फतहसागर की पाल पर वरिष्ठ नागरिकों ने मैराथन में दौड़ लगाई। दौड़ के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने और विश्व कल्याण का संदेश दिया गया। मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि सुबह 7 बजे महाराणा प्रताप वरिष्ठ नागरिक संस्थान की सहभागिता से फतहसागर की पाल पर मैराथन का आयोजन हुआ। मैराथन ओवर फ्लो वाले छोर से शुरू होकर देवाली छोर तक जाकर पुन: ओवर फ्लो पर समाप्त हुई। इस मैराथन में 80 वर्ष की उम्र पार कर चुके शांतिलाल सेठ, केसर सिंह खमेसरा, अर्जुन लाल ठाकुर गोता, प्रकाश वर्डिया, डॉ. हीरालाल खमेसरा, अंबालाल चपलोत, भंवरलाल सेठ ने भाग लेकर दौड़ लगाई। फत्तावत ने बताया कि विश्व कल्याण के लिए, उदयपुर स्वस्थ व स्वच्छ रहे इस उद्देश्य से 700 से अधिक महिला व पुरुष वरिष्ठजनों ने इस मैराथन में हिस्सा लिया। जो अपने आप में एक अनूठा रिकॉर्ड है। जन्म कल्याणक महोत्सव में जरूरतमंदों को कराया भोजन महावीर सेवा संस्थान फतहपुरा में हो रहे महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में शनिवार को बच्चों एवं जरूरत मंदों को भोजन कराया। प्रवक्ता प्रशांत भंडारी ने बताया कि अंध विद्यालय, प्रज्ञा चक्षु संस्थान मल्लातलाई में कार्यक्रम हुए। महोत्सव में रविवार को क्षेत्र के बच्चों के लिए कल भगवान महावीर प्रश्नोत्तरी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं फैंसी ड्रेस का आयोजन होगा। शहर विधायक ने दिखाई हरी झंडी मैराथन को ठीक 7 बजे शहर विधायक ताराचंद जैन, महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक राजकुमार फत्तावत, सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष शांतिलाल वेलावत, अध्यक्ष चौसर लाल कच्छारा व महामंत्री भंवर सेठ, नाकोड़ा ज्योतिष कार्यालय के कांतिलाल जैन, सीए महावीर चपलोत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन संयोजक सुधीर चित्तौड़ा ने बताया कि मैराथन में से तीन वरिष्ठजनों को क्रमश: श्याम मठपाल को प्रथम, विजय भाणावत को द्वितीय व क्षमा माहेश्वरी को तृतीय घोषित कर 2100, 1100 व 500 का नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आयोजन में भारतीय जैन संघटना उदयपुर एवं जैन जागृति सेंटर उदयपुर की ओर से रविवार को शाम 7 बजे 100 फीट रोड स्थित शुभ केसर गार्डन में भक्ति संध्या का आयोजन होगा। जिसमें बैंगलोर के प्रसिद्ध भक्ति गीत गायक विपिन पोरवाल अपने मधुर स्वर बिखरते हुए भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *