भास्कर न्यूज| बगोदर रामनवमी को लेकर बगोदर में तैयारियां पूरी हो गई हैं। रविवार दोपहर बाद नेहरू स्मारक स्थल पर महावीरी झंडों का मिलन होगा। यहां अखाड़े सजेंगे। जुलूस में शामिल लोग कला कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इसे देखते हुए शनिवार दोपहर बाद नेहरू स्मारक स्थल को अतिक्रमण मुक्त किया गया। शाम करीब 5 बजे साग-सब्जी, फल, मांस, मछली की दुकानें हटा ली गईं। दुकानदारों ने बिना किसी विवाद के दुकानें हटा लीं। हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी पर यहां अखाड़े का आयोजन होगा। बगोदर थाना क्षेत्र के कई गांवों के साथ विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों से महावीरी झंडा जुलूस के रूप में पहुंचेगा। झांकियां भी होंगी। नेहरू स्मारक स्थल के आसपास सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों की ओर से पानी, शरबत, चना, गुड़ और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। पुलिस की पैनी नजर अखाड़े पर रहेगी। थाना गेट से महज 100 मीटर की दूरी पर अखाड़ा लगेगा। संवेदनशील इलाका होने के कारण ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। पुलिस प्रशासन ने डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पर रोक लगाई है। अष्टमी की रात दुर्गा मंदिर और बजरंगबली मंदिर में महावीरी झंडा खड़ा किया गया। बगोदर चौराहा स्थित बजरंगबली मंदिर में दीपक उत्सव मनाया गया। इधर, रामनवमी को लेकर शनिवार को बगोदर बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। महावीर ध्वज, फल और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। सुबह से शाम तक बाजार में रौनक रही।


