भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह-पचंबा सड़क निर्माण में देरी के कारण उत्पन्न हुई बदतर हालत के खिलाफ ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक ने आगामी 8 अप्रैल को समाहरणालय जाकर डीसी को एक ज्ञापन देने का ऐलान लिया है। शनिवार को आम लोगों से पार्टी की टीम ने जनसंपर्क चलाकर पर्चा वितरण किया। यह जानकारी देते हुए पूर्व जिप सदस्य सह फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने कहा कि पिछले दो सालों से निर्माणधीन पचंबा गिरिडीह फोरलेन सड़क किनारे रहने, व्यवसाय करने या आवागमन करने वाले लोगों का जीवन नारकीय हो गया है। एक मिनट भी इस सड़क के किनारे रहना या इसपर चलना मुश्किल हो गया है। अस्पताल, स्कूलों से जुड़े सारे लोग, बच्चे, मरीज परेशान हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग से लेकर शासन-प्रशासन या प्रतिनिधियों तक की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रहे हैं। इसके निर्माण का डेडलाइन घोषित कर युद्धस्तर पर काम शुरू किया जाय। इसमें हुए विलंब से उत्पन्न परेशानियों के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए व ठेकेदार को ब्लैकलिस्टेड किया जाय। मौके पर फॉरवर्ड ब्लॉक नेता मनोज कु यादव, अन्ना मुर्मू, शांति सोरेन, बिनोद दास ,चंदन कुमार , राकेश कुमार सिन्हा, अजय रजक, मो छोटू सहित अन्य लोग शामिल थे।


