राजधानी में एटीएम कार्ड बदल कर खाते से पैसा गायब करने वाला गिरोह सक्रिय है। एटीएम के कियोस्क में गिरोह के सदस्य सक्रिय रहते हैं आैर मौका मिलते ही कार्ड बदल कर फरार हो जाते हैं। साइबर फ्रॉड अब कार्ड बदलने के बाद अकाउंट से पैसा निकासी करने के बजाए किसी दुकान से खरीदारी कर ले रहे हैं। एफआईआर दर्ज कराने के बाद पुलिस अनुसंधान में भी इस बात की पुष्टि हुई है। दुकान में लगे सीसीटीवी में खरीदारी करते हुए साइबर फ्रॉड का वीडियो फुटेज भी मिला है। हालांकि पुलिस की जांच यहां से आगे नहीं बढ़ पाती है। सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी की पहचान करने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस इतना लंबा इंतजार कराती है कि पीड़ित परेशान हो जा रहे हैं। ठगी के 4 महीने बाद तक गिरफ्तारी तो दूर, आरोपी की पुलिस पहचान तक नहीं करा पाई है। आरोपी लगातार अवैध निकासी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। तीन मामलों से समझिए कार्ड बदल कर शॉपिंग कैसे की… {29 मार्च 2025 : कोकर स्थित शिव मंदिर के पास एसबीआई एटीएम से पैसा निकालने पहुंचे सुरजीत घोष का कार्ड बदल कर साइबर अपराधियों ने 42,500 रुपए की अवैध निकासी कर ली। अपराधियों ने हिनू स्थित एक ज्वेलरी दुकान से 37500 के जेवरात भी खरीदे। पुलिस फ्रॉड को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एटीएम में कार्ड फंसे तो पुलिस के आने तक कियोस्क न छोड़े एटीएम कियोस्क में कार्ड बदले जाने से ऐसे बचें… एटीएम में कार्ड फंस जाए तो घबराएं नहीं। 112 नंबर पर कॉल कर मदद मांगें। पुलिस के आने तक मशीन में फंसे कार्ड को छोड़कर किसी भी हाल में नहीं हटें। एटीएम कियोस्क में लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने से बचें। वह नंबर फ्रॉड का हो सकता है। एटीएम कियोस्क में ऐसे देख लेते हैं कार्ड का पिन 1. शोल्डर क्लोनिंग : पैसा निकासी करते समय एटीएम के कियोस्क में पीछे खड़ा व्यक्ति कंधे के पास से पासवर्ड देख लेता है आैर फिर ठगी करता है। 2. कार्ड बदल कर : एटीएम कियोस्क में पहले से पैसा निकासी कर रहे व्यक्ति को जल्दबाजी दिखाता है आैर बातचीत में फंसाकर कार्ड बदल कर भाग जाता है। 3. मदद का झांसा : वृद्ध या महिला को मदद करने का झांसा देकर ठगी की घटना को अंजाम देता है। 4. हेल्पलाइन में अपना फोन नंबर लिख कर : एटीएम कियोस्क में दीवार पर हेल्पलाइन नंबर की जगह फ्रॉड खुद का नंबर लिख देता है। मदद मांगने पर ठग लेते हैं। 5 जनवरी : बिरसा चौक निवासी राम बाबू सिंह से 69 हजार रुपए की ठगी हुई। वह बिरसा चौक के पास बैंक अॉफ बड़ौदा के एटीएम में कार्ड फंस गया। एक युवक ने कहा- वहां लिखे नंबर पर फोन करें। फोन किया तो उसने हिनू चौक बुलाया, बाद में एटीएम पहुंचे तो कार्ड गायब था। जांच में िहनू से टीवी खरीदे जाने की जानकारी मिली। 28 जुलाई 2024 : टैगोर हिल रोड में एक्सिस बैंक के एटीएम से अनुव्रत चटर्जी पैसा निकालने पहुंचे थे। एटीएम में कार्ड फंसने के बाद वहां लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया तो रविवार को बैंक बंद होने की बात कही। तब अनुव्रत अपने घर चले गए। इसके बाद उनके अकाउंट से 96 हजार रु. की खरीदारी होने का मैसेज मिला। जांच में पता चला, एक ज्वेलरी दुकान से खरीदारी की गई है। सीसीटीवी फुटेज भी मिला, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई।


