भास्कर न्यूज | अमृतसर अब आरसी में मोबाइल नंबर चेंज कराने या उससे जुड़ी कोई जानकारी हासिल करने के लिए अलग से फॉर्म लेकर डिटेल-फोटो और पहचान पत्र के तौर पर आधार लगाना जरूरी होगा। आरटीए सेक्रेटरी खुशदिल सिंह ने गड़बड़ियों को रोकने के लिए निर्देश जारी किया है। बता दें कि पहले ट्रांसपोर्ट विभाग की ऑनलाइन वेबसाइट के जरिए 24 नंबर फॉर्म भरकर सब्मिट कराने के बाद मोबाइल नंबर ऐड हो जाता था। हालांकि अब लोग नई प्रक्रिया को पूरा करने के बाद ही आरसी से अपना मोबाइल नंबर ऐड करा पाएंगे। आरटीए सेक्रेटरी ने बताया कि शिकायतें मिल रही थी कि थर्ड पार्टी को वाहन चालकों की आरसी डिटेल जा रही है। कोई भी व्यक्ति 24 नंबर फॉर्म भरकर मोबाइल नंबर ऐड कराने के लिए आरटीए विभाग में जमा कराता है। इसका मिसयूज होने की आशंका है, जिसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। जो नया फॉर्म जारी किया गया है उसमें नाम-वाहन नंबर, पिता का नाम, एड्रेस, पिनकोड, वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर लास्ट 5 डिजिट, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, न्यू मोबाइल नंबर, ईमेल-आईडी, मोबाइल नंबर अपडेट करवाने की वजह, रिप्रजेंटेटिव नाम, मोबाइल नंबर रिप्रजेंटेटिव, डिक्लेरेशन फिर एप्लीकेंट को अपना हस्ताक्षर करना होगा। यह फॉर्म आरटीए विभाग के आरसी दफ्तर से लोगों को आसानी से मिल जाएगी जो नि:शुल्क रहेगा।


