ओल्ड जेल रोड पर ड्रिल से पाइप्ड गैस लीक, रात को 5 घंटे तनाव

भास्कर न्यूज | अमृतसर रतन सिंह चौक से पहले गुरुद्वारे के पास गुजरात गैस पाइपलाइन रविवार रात 9 बजे लीक हो गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और गैस पाइप लाइन की टीमें मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी पहुंच और एक साइड के रास्ते को सील कर दिया गया। मगर करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद भी रात 12 बजे तक काबू नहीं पाया जा सका। गैस पाइपलाइन की टीम के एक अफसर ने बताया कि रात 9.30 बजे सूचना मिली थी तो तत्काल पहुंच गए। 3-3 किमी पर आइसोलेशन (वॉल बंद) किया हुआ है। किसी ने ड्रिल चलाई है, इसलिए पाइपलाइन से गैस लीक हुई है। कंट्रोल करने में अभी डेढ़ घंटा लग जाएगा। ​लीकेज से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। टीमें पहुंचने के बाद किसी तरह के अनहोनी की कोई आशंका नहीं है। बता दें कि गैस की आवाज करीब 300 मीटर दूरी तक आ रही थी। इससे लोग परेशान होकर बाहर निकलकर जानकारी लेते रहे कि कब तक गैस लीकेज को रोका जा सकेगा मगर इसका जवाब जिम्मेदार गैस पाइपलाइन के अफसरों के पास नहीं था। इलाके में रहने वाले सुनील, शिवम, हरिलाल ने बताया कि रात 9 बजे से गैस लीक हुई है। गैस पर काबू पाने के लिए इमरजेंसी टीमें भी आई थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घंटो टीमें इसे रोकने के लिए लगी रही लेकिन कुछ नहीं कर पाईं। आवाज इतनी तेज है कि नींद हराम हो गई है। रात 12 बजे खबर लिखने तक गैस लीकेज हो रही थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *