गोल्डन एवेन्यू से जौड़ा फाटक की ओर जाने वाली सड़क पर पिछले एक महीने से पानी बह रहा है। नगर निगम ने लीकेज रोकने के लिए टीम भेजी थी। टीम ने काम किया, लेकिन उनके जाने के बाद फिर से पानी बहना शुरू हो गया। इससे पानी की बर्बादी हो रही है। लगातार पानी बहने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीर और स्थानीय लोग परेशान हो रहे है। यह इलाका पूर्वी हलके के अधीन आता है। यहां वल्ला में लगे बल्क वाटर की पाइप को जोड़ने के लिए सड़क को उखाड़ा गया था। पाइप डालने के बाद सड़क को मिट्टी से भरकर ऊपर बजरी डाल दी गई। इसके बाद लोगों को 40 खूह की ओर जाती पाइप लाइन से पानी के कनेक्शन लेने को कहा गया। लोगों ने कनेक्शन ले लिए, लेकिन पाइप लाइन से लीकेज शुरू हो गई। सड़क को अब तक पक्का नहीं किया गया है। एक महीने से सड़क कच्ची पड़ी है। पानी की समस्या भी जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोग निगम से कई शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इलाका निवासी सुरिंदर सिंह ने बताया कि वल्ला वाला प्लांट अभी शुरू नहीं हुआ। निगम के कहने के मुताबिक यहां के दुकानदारों ने कमर्शियल कनेक्शन चालीस खूह की ओर जाती पाइप लाइन से लिए हैं। लेकिन लोगों को सुविधा मिलने की बजाय परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। पानी की लीकेज हो रही हैं। जिस कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी समस्या हो रही हैं। कच्ची छोड़ी गई रोड को बनाया जाना हैं। इसके बारे में वह टीम को भी मौके पर भेजेंगे। वहीं, दूसरी तरफ पानी की लीकेज की बात है तो वह लोगों के कनेक्शन लीक कर रहे हैं। लोगों को अपने कनेक्शन ठीक करवाने चाहिए। फिर भी निगम टीम मौके पर जाकर देखेंगी।


