राजस्थान से अबू धाबी जाने वाले पैसेंजर के लिए अच्छी खबर है। राजधानी जयपुर से अबू धाबी के लिए आज से एक नई फ्लाइट का संचालन शुरू होने जा रहा है। यह फ्लाइट सप्ताह में 5 दिन संचालित की जाएगी। इसके साथ ही इंडिगो एयरलाइंस ने जयपुर से लखनऊ की फ्लाइट के संचालक को बंद करने का फैसला किया है। शुक्रवार से जयपुर से अबू धाबी के लिए नई फ्लाइट का संचालन शुरू कर दिया गया है। फ्लाइट संख्या EY – 326 जयपुर एयरपोर्ट से रात 9 बजकर 30 मिनट पर अबू धाबी के लिए रवाना होगी। जबकि अबू धाबी से जयपुर के लिए यह फ्लाइट संख्या EY – 327 शाम 7 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। इन दोनों ही फ्लाइट का संचालन सप्ताह में 5 दिन किया जाएगा जिससे जयपुर से अबू धाबी जाने वाले यात्रियों को एक और वैकल्पिक फ्लाइट की सुविधा मिल सकेगी। इससे पहले भी जयपुर से अबू धाबी के लिए कल सुबह 3 बजकर 15 पर एक फ्लाइट संचालित की जा रही है। इसके साथ ही जयपुर से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E – 7319 को इंडिगो एयरलाइंस ने बंद करने का फैसला किया है। यह फ्लाइट हर दिन सुबह 5 बजकर 30 पर लखनऊ के लिए रवाना होती थी। लेकिन सर्दियों के मौसम में कोहरे के प्रभाव के चलते इंडिगो एयरलाइंस ने इस फ्लाइट को फिलहाल कुछ वक्त के लिए बंद करने का फैसला किया है। हालांकि जयपुर से लखनऊ जाने वाली दोपहर की फ्लाइट का संचालन फिलहाल जारी रहेगा। यह फ्लाइट दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना होती है। ऐसे में अब जयपुर से लखनऊ की एयर कनेक्टिविटी के लिए महज एक फ्लाइट ही रह गई है।


