नागौर में तेज गर्मी का दौर शुरु हो गया है तेज धूप का प्रभाव रात के तापमान में भी नजर आने लगा है। रविवार से नागौर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरु हो गई है। शनिवार रात से ही अधिकतम तापमान बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित है। चिलचिलाती धूप के बीच गर्म हवाएं सुबह से ही झुलसाने लगी हैं। अब 10 अप्रैल तक मौसम ड्राई बना रहेगा। अगले 4 दिन हीटवेव चलने की संभावना है। नागौर में रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नागौर के गवर्नमेंट एग्रीकल्चर कॉलेज स्थित वेदर स्टेशन पर आज अलसुबह न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात में यहां पर न्यूनतम तापमान 22 और रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 4 दिन से आसमान एकदम साफ है, इस वजह से तेज धूप पड़ रही है। तेज धूप की वजह से लोग दोपहर में बाहर निकलने से बचने लगे हैं। गर्म हवाओं से लू व तापघात की स्थितियां बनने लगी हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो एंटी साइक्लोन सिस्टम एक्टिवेट होने से सीवियर हीटवेव का दौर अब 10 अप्रैल तक चलेगा। इसके बाद हल्की बादलवाही की संभावना है। अब नागौर समेत पूरे प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। आज दिन में 11 बजे तक ही तेज धूप और गर्मी चुभने लगी है।


