मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगामी दौरे से पहले हनुमानगढ़ जिले में विकास कार्यों की बड़ी योजनाएं सामने आई हैं। जिला कलेक्टर काना राम ने बताया कि बजट में जिले को कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं। घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए 325 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। संगरिया, टिब्बी, रावतसर, हनुमानगढ़ और पीलीबंगा में 590 करोड़ रुपए की लागत से पक्के खालों का पुनर्निर्माण होगा। यह काम 1 लाख 7 हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में किया जाएगा। भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की नहरों के विकास के लिए 177.74 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नोहर में 25 करोड़ की लागत से चौधरी कुम्भाराम आर्य लिफ्ट नहर पर संतुलन जलाशय बनेगा। सिद्धमुख नोहर सिंचाई परियोजना के जीर्णोद्धार पर 15 करोड़ खर्च होंगे। शहरी विकास के तहत हनुमानगढ़ में 35 करोड़ की लागत से चूना फाटक पर रेलवे अंडर ब्रिज बनेगा। खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक ट्रैक और जिले में खाद्य लैब भी स्थापित की जाएगी। रावतसर में 10 किलोमीटर बायपास सड़क की डीपीआर तैयार होगी। इन विकास कार्यों की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर और एसपी अरशद अली ने अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


