भिंड के प्राइवेट स्कूल संचालक राजेश शर्मा की पुत्रवधू लवली शर्मा की आत्महत्या प्रकरण लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को इस मामले में ब्राह्मण महासभा ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन डीएसपी हेडक्वार्टर दीपक तोमर को सौंपा। महासभा ने स्पष्ट रूप से निष्पक्ष और न्यायसंगत जांच की मांग की। ज्ञापन में महासभा ने कथित सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराने की मांग की, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह पत्र वास्तव में मृतका द्वारा लिखा गया था या नहीं। गौरतलब है कि पांच दिन पहले लवली शर्मा की आत्महत्या के बाद उनके मायके पक्ष ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया था। इसके बाद मुरैना से कुछ स्थानीय नेता भी भिण्ड पहुंचकर कोतवाली का घेराव करने लगे और पुलिस पर दबाव बनाकर त्वरित कार्रवाई की कोशिश की। इस पर ब्राह्मण महासभा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि मामले में किसी भी तरह की राजनीतिक दखलअंदाजी नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर मौजूद महासभा के सदस्य देवेश शर्मा ने कहा कि, “मृतका के ससुराल पक्ष को भी अपनी बात कहने और साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर मिलना चाहिए। साथ ही मृत्यु उपरांत होने वाले धार्मिक कर्मकांडों के लिए उचित समय भी दिया जाए।” ब्राह्मण महासभा ने पुलिस से यह भी मांग की कि किसी तरह की जल्दबाज़ी में कोई कार्रवाई न की जाए।


