भास्कर न्यूज | लुधियाना 21 अप्रैल को श्री प्रेम धाम द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संत समाज ने गैर सनातनी शोभायात्रा में देवी-देवताओं की पालकी और स्वरूप शामिल करने पर कड़ा ऐतराज़ जताया है। सोमवार को महामंडलेश्वर महंत रामेश्वर दास त्यागी जी महाराज, शनिदेव स्थान भा मियाँ के मुखी स्वामी सुरेश दुआ जी महाराज और स्वामी हरीश पुरी जी महाराज ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि श्री राम लीला कमेटी द्वारा शोभायात्रा की परमिशन रद्द की जा चुकी है। फिर भी अगर धर्म के नाम पर षड्यंत्र हुआ तो संत समाज सख्त रुख अपनाएगा। महामंडलेश्वर ने कहा कि सनातन धर्म शास्त्रों के विधान पर चलता है, न कि किसी व्यक्तिगत सोच पर। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में गैर सनातनी गतिविधियों के साथ देवी-देवताओं की पालकी निकालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, श्री प्रेम धाम के प्रमुख सेवादार बंटी बाबा और शिवसेना नेताओं में इस मुद्दे पर पहले ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे माहौल गर्मा गया है।


