जनकपुरी मार्केट स्थित एक फास्टफूड की दुकान में लूट की नीयत से एक लुटेरा घुसा। लुटेरे को उस समय मुंह की खानी पड़ी जब दुकान पर मौजूद महिला ने न केवल उससे मुकाबला किया, बल्कि उसे पटककर लोगों की मदद से पुलिस के हवाले भी कर दिया। यह हिम्मतवाली वारदात 4 अप्रैल की दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब जनकपुरी निवासी जानवी कपूर अपनी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और बर्गर की मांग की। जानवी ने उसे कुछ देर इंतजार करने को कहा, लेकिन तभी वह व्यक्ति अचानक आक्रामक हो गया और पास ही रखा चाकू उठाकर जानवी को धमकाने लगा। जानवी बोली- बस एक ही चीज पर ध्यान था, उसे भागने नहीं देना है उसने महिला से मोबाइल फोन मांगा और जब जानवी ने इनकार किया तो उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। जानवी के हाथ में गंभीर चोट आई गई और खून निकलने लगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। घायल होने के बावजूद जानवी ने बहादुरी दिखाई और आरोपी को पकड़ लिया। करीब डेढ़ मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान जानवी ने हमलावर को पकड़ कर नीचे गिरा दिया और खुद भी नीचे गिर पड़ीं। उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मार्केट के अन्य दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू में किया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना डिवीजन-2 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद दुआ खलील पुत्र मोहम्मद आखुद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जान से मारने की धमकी, मारपीट और लूट की कोशिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानवी कपूर ने बताया कि घटना के समय उनका एक कर्मचारी उनकी बेटी को ट्यूशन छोड़ने गया था। वह दुकान पर अकेली थीं। आरोपी ने पहले सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया, लेकिन जब उसे फोन नहीं दिया गया तो वह हिंसक हो गया। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसे हालात का सामना करना पड़ेगा। उस वक्त उन्हें सिर्फ यह ध्यान था कि वह हार नहीं मानेंगी। मैंने मन में ठान लिया था कि चाहे कुछ भी हो, मैं उसे भागने नहीं दूंगी। अगर वह मुझसे फोन छीनकर भाग जाता, तो शायद मैं खुद को कभी माफ नहीं कर पाती। बाजार में मौजूद कई लोगों ने जानवी की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में इस तरह की हिम्मत निडर ही लोग दिखा पाते हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं, घायल जानवी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां उसके हाथ पर मरहम पट्टी करके उसको घर भेज दिया गया।


