कचना ओवरब्रिज, रेलवे लाइन के ऊपर स्लैब चढ़ाने रेलवे नहीं दे रहा अनुमति

कचना ओवरब्रिज बनाने में एक और बाधा आ गई। पटरी के ऊपर स्लैब डालने के लिए रेलवे ड्राइंग डिजाइन की अनुमति नहीं दे रहा है। पीडब्ल्यूडी ने रेलवे को जनवरी के प्रथम सप्ताह और मार्च माह के अंतिम सप्ताह में ड्राइंग डिजाइन की अनुमति के लिए पत्र लिखा है। रेलवे ने दोनों पत्रों का कोई जवाब नहीं दिया है। इस वजह से रेलवे लाइन के ऊपर स्लैब चढ़ाने का काम नहीं हो पा रहा है। रेलवे यदि ड्राइंग डिजाइन की अनुमति समय रहते नहीं दी गई तो ये प्रोजेक्ट बारिश के बाद पूरा होगा। क्योंकि प्रदेश में करीब तीन माह के भीतर मानसूनी बारिश शुरु हो जाएगी। बारिश में पीडब्ल्यूडी स्लैब चढ़ाने का काम नहीं कर पाएगा। दो विभागों की खींचतान में शहर की जनता को रेलवे क्रासिंग से होकर ही आना-जाना करना पड़ेगा। इससे लोगों की समस्या खत्म नहीं होगी। पीडब्ल्यूडी कचना ओवरब्रिज बनाने का काम 2023 से कर रहा है। पीडब्ल्यूडी को इसे अप्रैल 2025 में पूरा करना है। लेकिन प्रोजेक्ट तीन माह विलंब से चल रहा है। वर्तमान में शंकर नगर की तरफ आरई वॉल का काम अधूरा है। कचना की तरफ आरई वाल तो बन गई है, लेकिन क्रॉस बैरियर का काम अभी तक शुरु नहीं हुआ है। ओवरब्रिज के फिनसिंग का काम पूरा बचा है। इससे कचना रेलवे क्रासिंग पर जाम की झंझट से छुटकारा इतनी जल्दी नहीं मिलने वाला है। ओवरब्रिज का काम पूरा होने में छह माह से अधिक का समय लग सकता है। पीडब्ल्यूडी की लेटलतीफी के चलते चार से पांच वार्ड के करीब दो से ढाई लाख लोग यातायात की समस्या से जूझ रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी खम्हारडीह और कचना के आसपास के इलाकों जैसे वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर के लोगों को हो रही है। 10-12 मिनट में फाटक होता है बंद रायपुर विशाखापट्टनम मार्ग स्थित कचना रेलवे क्रासिंग से बड़ी संख्या में यात्री और माल गाडिय़ां गुजरती हैं। औसतन हर 10 से 12 मिनट में एक ट्रेन गुजरती है। इसके लिए फाटक बंद किया जाता है। ट्रेन आने से पांच मिनट पहले क्रासिंग को बंद करना पड़ता है। ट्रेन गुजरने और उसके बाद फाटक खोलने में 15 मिनट तक लग जाते हैं। ऐसे में एंबुलेंस, स्कूल और ऑफिस जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी है। 35 करोड़ की लागत से हो रहा ओवरब्रिज का निर्माण कचना रेलवे क्रासिंग पर 35 करोड़ की लागत से 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। यह खम्हारडीह सीएससीबी कार्यालय के आगे से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जाएगा। ओवरब्रिज टू लेन बन रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *