भास्कर न्यूज| बिरकोनी ग्राम बिरकोनी में रविवार को रामनवमी पर रामजानकी मंदिर से विशाल शोभायात्रा का निकाली गई। ग्राम के सभी चौक-चौराहों गलियों में भगवान श्री राम, सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी की झांकी के साथ भ्रमण कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने घर के आंगन में रंगोली बनाकर दीपक जलाएं थे। सभी घरों में शोभायात्रा का स्वागत कर राम दरबार की झांकी की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद ली। रामजानकी मंदिर आचार्य पं. लक्ष्मीनारायण महाराज ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर ग्राम में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। भगवान का सर्वप्रथम वैदिक मंत्रोच्चार के जाप के साथ स्नान अभिषेक किया गया। भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराए गए विभिन्न प्रकार के आभूषण पहनाए गए। रंगबिरंगी फूलों से भगवान का श्रृंगार किया गया। दोपहर 12 बजे रामलला जन्म उत्सव की महाआरती की गई। तत्पश्चात घंटी, नगाड़ा, शंख ध्वनि के बीच पूजा आरती की गई। ग्राम के मुख्य मार्ग से बालिकाओं ने राम, सीता, लक्ष्मण व हनुमानजी वेशभूषा में जीवंत झांकी को विराजित कर शोभायात्रा प्रारंभ किया गया। शोभायात्रा रामजानकी मंदिर चौक से साहू पारा, सुभाष चौक, सरस्वती चौक, भाठापारा, बरबसपुर रोड़ से होते हुए, आजाद चौक, गौरा गौरी चौक, चन्द्राकर पारा से भक्तिमय वातावरण के साथ बैंड बाजे की धुन पर लोग जय जय श्रीराम के जयकारे लगाए। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में भगवान के दर्शन किया। रात 8 बजे कार्यक्रम स्थल पर रामायण मानस पाठ का समापन किया गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान के दर्शन पूजा कर परिवार की सुख शांति की कामना की और महाप्रसादी प्राप्त किया। इस अवसर पर सनातन सेवा धर्म समिति के सदस्यों सहित ग्रामीण बच्चे, महिलाएं मौजूद थी। शोभायात्रा में भगवान स्वरूप बालिकाओं की झांकी आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान श्रद्धालु पैदल हाथों में भगवा झंडा लेकर, भक्तिमय गीत के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। वहीं बैंड बाजे की धुनों पर भगवा वस्त्रों में बालिकाएं व युवा झूमते नजर आएं। शोभायात्रा पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर पूजा अर्चना किया। चौक चौराहों में फाटकों से आतिशबाजी की गई। सनातन सेवा समिति के सदस्यों ने विशाल भगवा झंडा लहराकर प्रदर्शन किया।


