भास्कर न्यूज | नारायणपुर सनातन धर्म मंच, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वाधान में रामनवमी के उपलक्ष्य में विशाल शोभायात्रा और भंडारे का आयोजन किया गया। इस शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाई-बहनों और बच्चों ने भाग लेकर प्रभु श्री राम के प्रति अपनी श्रद्धा और प्रेम को अभिव्यक्ति प्रदान की। चैत्र नवरात्रि प्रतिपदा के दिन से नगर की सजावट बजरंगियों ने प्रारंभ कर दी थी पूरे नगर को भगवा ध्वज, तोरण, पताकाओं और रोशनी से सजाने की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने निभाई तो वहीं घर-घर पीले अक्षत और आमंत्रण पत्रक के माध्यम से निमंत्रण देने का कार्य सनातन धर्म मंच ने किया। नवमी तिथि को शाम 5 बजे बजरंग कला मंदिर बखरू पारा से प्रारंभ शोभायात्रा में हाथों में भगवा ध्वज थामे भारतीय वेशभूषा व सिर पर पगड़ी धारण किए हुए भाई और बहनों ने एक अलग ही आकर्षण पैदा कर दिया। वहीं दूसरी तरफ जगदीश मंदिर के पास विशाल भंडारे में दोपहर 2 बजे से देर रात तक हजारों लोगों ने खिचड़ी, हलवा का प्रसाद ग्रहण किया। रामरथ पर सवार प्रभु श्री राम दरबार की जीवंत झांकी भी साथ-साथ चल रही थी। जय श्री राम के नारों के साथ धीरे-धीरे बढ़ते हुए शोभायात्रा भक्ति संगीत के साथ झूमते नाचते मुख्य मार्ग से बढ़ते हुए सोनपुर रोड, व्यापारी मार्ग से चांदनी चौक पहुंची। हर चौक पर जमकर आतिशबाजी की गई चांदनी चौक से शोभा यात्रा जय स्तंभ चौक और पुराने बस स्टैंड से राम मंदिर पहुंची। प्रभु श्री राम की महाआरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। दर्शकों ने इस शोभा यात्रा की भव्यता और गरिमापूर्ण आयोजन से अभिभूत हुये बिना नहीं रह सके और यह आयोजन आम चर्चा का विषय बन गया। सनातन धर्म मंच, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सभी श्रद्धालुओं का आभार माना और उन्हें 12 अप्रैल को बाजार स्थित दक्षिण मुखी बजरंगबली मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आमंत्रण भी दिया।


