मैट्रिक और इंटरमीडिएट की कॉपियों का अब 12 अप्रैल से मूल्यांकन, 11वीं की परीक्षा में अभी विलंब

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट कला, विज्ञान और वाणिज्य स्ट्रीम की परीक्षा में शामिल लगभग आठ लाख परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच अब 12 अप्रैल से की जाएगी। पहले उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सात अप्रैल से किया जाना था। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए रांची समेत राज्य भर में 60 केंद्र बनाए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 10 हजार परीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसमें एग्जामिनर और हेड एग्जामिनर शामिल हैं। मूल्यांकन कार्य पर सीसीटीवी कैमरे की भी नजर रहेगी। मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट मई अंतिम या जून फर्स्ट वीक में जारी किए जाने की संभावना है। बताते चलें कि मैट्रिक परीक्षा के 4.33 लाख परीक्षार्थी थे। वहीं इंटर कला, विज्ञान और वाणिज्य के 3.50,138 परीक्षार्थी थे। मैट्रिक की परीक्षा रांची समेत राज्य के 1297 केंद्रों पर हुई थी। मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा 11 फरवरी से शुरू हुई थी। इंटरमीडिएट की परीक्षा 3 मार्च तक चली। वहीं मैट्रिक की परीक्षा आठ मार्च तक हुई। क्योंकि मैट्रिक के दो पेपर के प्रश्न पत्र लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। रद्द पेपर की परीक्षा बाद में आयोजित की गई थी, इसलिए मैट्रिक की परीक्षा 8 मार्च को समाप्त हुई। 11वीं बोर्ड का अभी तक नहीं आया शिड्यूल : जैक की ओर से 8वीं और 9वीं बोर्ड की परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। लेकिन अभी तक 11वीं बोर्ड की परीक्षा का शिड्यूल जारी नहीं किया गया है। 11वीं में लगभग 5.5 लाख स्टूडेंट्स हैं। जैक चेयरमैन का पद रिक्त रहने के चलते यह परीक्षा टल गई थी, जिसका आयोजन आज तक नहीं हो सका। अब यह परीक्षा मई माह में आयोजित होने की संभावना है। अभी तक 11वीं बोर्ड का मॉडल प्रश्न पत्र भी जारी नहीं किया गया। शिक्षकों का कहना है कि 11वीं की परीक्षा समय पर नहीं होने से 12वीं बोर्ड की तैयारी में पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *