जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित सभागार में अहम बैठक हुई। विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें पीजीएमएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए। झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आवंटित खाद्यान्न के उठाव, परिवहन और वितरण की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मार्च और अप्रैल 2025 के खाद्यान्न वितरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। ई-केवाईसी प्रतिवेदन और चना दाल, नमक व चीनी वितरण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। लाभुकों के बीच इनका वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभुकों की सूची तैयार कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इसमें रांची अनुभाजन क्षेत्र के सभी पणन पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता, कम्प्यूटर ऑपरेटर, डीलर इंचार्ज और वार्ड-1 से 53 तक के डीलर शामिल हुए।


