रांची | प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने अमेरिका द्वारा भारत पर 26% टैरिफ बढ़ाए जाने के निर्णय को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विफल विदेश नीति और कमजोर व्यापारिक कूटनीति का परिणाम बताया है। ऋषिकेश सिंह ने कहा कि ट्रम्प सरकार द्वारा टैरिफ बढ़ाने के कारण भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई है। स्टॉक मार्केट में पांच मिनट में 19 लाख करोड़ डूब गए। स्टॉक मार्केट की धज्जियां उड़ गई। अमेरिका द्वारा हाल ही में घोषित किए गए टैरिफ से वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ गई है। सिंह ने कहा कि मोदी सरकार मित्रता की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन हकीकत है कि विदेश नीति पूरी तरह फेल हो गई है।


