रांची| सरला देवी बिड़ला अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट 2024-25 के सेमीफाइनल मुकाबले में जेएपी क्रिकेट एकेडमी ने बूटी क्रिकेट अकादमी को 10 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बूटी सीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 31.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 134 रन बनाए। टीम की ओर से यशराज ने 54 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। जेएपी क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंश कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए, वहीं शिवांक झा ने 17 रन देकर 3 विकेट और ओमदीप ने 22 रन देकर 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएपी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने मात्र 16.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 135 रन बना लिए।


