भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम कांदुल की स्व सहायता समूह से जुड़ी 26 महिलाओं से 18.23 लाख रुपए धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि बिजनेस में निवेश करने के नाम पर लोन की 90 प्रतिशत राशि को मास्टरमाइंड खोलबाहरा राम खुद रख लेता था। सिर्फ 10 प्रतिशत राशि को महिलाओं को देता था। महिलाओं ने पुलिस को जानकारी दी है कि लोन की राशि का भुगतान खोलबाहरा ही करता था। समूह की महिलाओं को अलग-अलग बैंकों से फार्म भरवा कर लोन दिलाने में मदद करता था। जिसमें खोलबाहरा 10 प्रतिशत राशि लौटाकर शेष राशि ले लेता था। खोलबहरा राम कभी-कभी मोबाइल एप के माध्यम से बैंक खाता में राशि को जमा करता था। किस्त के पैसे को गांव में किसी न किसी के माध्यम से भेज देता था। विभिन्न बैंकों के एजेंट गांव में पहुंचकर महिलाओं से मिलते थे। महिलाओं को खोलबाहरा विभिन्न बैंको से लोन दिलवाकर व लोन के रकम देकर अपने बिजनेस मे लगाकर बैंको को वापस करने का वादा किया था। 25 लाख रुपए लेकर नवंबर 2024 से बैंको के लोन को वह जमा करना बंद दिया। 18 लाख 23 हजार 199 रुपए का लोन भुगतान पेंडिंग है। इस मामले में अर्जुन्दा थाने में खोलबाहरा राम निषाद के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


