समस्या दूर करने सुशासन तिहार आज से, पहले चरण में 11 तक लेंगे आवेदन

भास्कर न्यूज | बालोद राज्य में शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंचायत सीईओ व संबंधित अधिकारियों को आयोजन की तैयारी के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि सुशासन तिहार तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों और नगरीय निकाय कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जनता से आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन पत्र निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध रहेंगे। समाधान पेटी की व्यवस्था हर स्थान पर अनिवार्य होगी। नागरिक आवेदन समाधान पेटी में डाल सकते हैं या मौके पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को दे सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी रहेगी। नागरिक वेबसाइट https://sushasantihar. cg. nic. in के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं। कॉमन सर्विस सेंटर से भी आवेदन किया जा सकेगा। हर आवेदन को एक कोड दिया जाएगा, जो पोर्टल पर दिखेगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों से मुनादी कराई जाएगी। शहरी क्षेत्रों में भी प्रचार किया जाएगा। सभी जिलों में नोडल, सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। एक माह के भीतर सभी आवेदनों का निराकरण दूसरे चरण में एक माह के भीतर सभी आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरे और अंतिम चरण में 5 मई से 31 मई के बीच समाधान शिविर लगाए जाएंगे। सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर आवेदन लेने, प्रविष्टि, मॉनिटरिंग और समाधान की प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल, एसपी एसआर भगत, जिला पंचायत सीईओ डॉ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, एडीशनल एसपी मोनिका ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *