भास्कर न्यूज | राजनांदगांव डोंगरगढ़ के करवारी रोड फार्म हाउस में पकड़ी गई शराब के मामले में पुलिस ने दो और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फार्म हाउस तक कंटेनर में शराब लेकर आने वाले चालक व मास्टर माइंड रोहित को छग आबकारी की नकली होलोग्राम और लेबल उपलब्ध कराने वाले को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि कंटेनर चालक टोनी पासवान रोहतास बिहार का रहने वाला है। जिसने फार्म हाउस तक कंटेनर में शराब पहुंचाने की बात स्वीकारी है। आरोपी को कंटेनर का मालिक प्रति ट्रीप तीन हजार रुपए देता था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कंटेनर के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रोहित उर्फ सोनू को नकली होलोग्राम,लेबल और बोतल की ढक्कन उपलब्ध कराने वाले गोंदिया के मनोज जासाराम तिड़के को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मनोज नकली होलोग्राम और लेबल कहां से लाता था, इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। बता दें कि फार्म में पकड़ी गई 27 लाख की शराब और अवैध बॉटलिंग यूनिट के मामले में पूर्व में 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें मास्टर माइंड रोहित उर्फ सोनू और उसके साझेदार नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को पुलिस ने रिमांड में रखा है। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।


