बैकुंठपुर | ब्लॉक खड़गवां में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए 3 करोड़ की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण होगा। सोमवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में एसडीएम विजेंद्र सिंह सारथी, तहसीलदार शशि शेखर मिश्रा, जनपद अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष श्याम सिंह करियाम, सरपंच सुखीत और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का प्राथमिक आकलन शिक्षा और स्वास्थ्य से होता है। डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्री काल में प्राथमिक, मिडिल और हाई स्कूल खुलवाए गए थे। हर दो-तीन गांव के बीच उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए थे। अब भाजपा सरकार बनने के बाद खड़गवां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया गया है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए सीएचसी की मंजूरी दी गई है। खड़गवां में बनने वाले इस नए भवन से ग्रामीणों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। यह क्षेत्रीय लोगों की पुरानी मांग थी। खड़गवां का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहले से ही सीएचसी की तर्ज पर काम कर रहा था। मरीजों को सीएचसी और जिला अस्पताल तक आसानी से पहुंचाने के लिए 80 से अधिक सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा। नए भवन के साथ खड़गवां अस्पताल में पांच तरह की सुविधाएं मिलेंगी। इनमें ऑपरेशन थिएटर, स्त्री रोग विशेषज्ञ, डायलिसिस, ईसीजी जैसी सेवाएं शामिल होंगी।


