गुरुग्राम में पत्नी को प्रेमी संग पकड़ा:पति पर तानी पिस्टल, बोली- मेरठ हत्याकांड जैसा हाल कर दूंगी; आरोपी पंजाब की, लव मैरिज की थी

हरियाणा के गुरुग्राम में पति ने महिला को प्रेमी के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। इस पर प्रेमी ने उस पर देसी कट्‌टा तान दिया। युवक का आरोप है कि पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे मेरठ के ड्रम हत्याकांड (सौरभ हत्याकांड) जैसा हाल करने की धमकी दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए। मामला बसई एन्क्लेव का है। युवक ने 2 साल पहले पंजाब के मोगा की युवती से लव मैरिज की थी। युवक ने पत्नी और उसके प्रेमी से जान का खतरा बताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवक ने पुलिस को क्या बताया, 5 पॉइंट में जानिए… 1. घरवालों के खिलाफ जाकर की थी लव मैरिज
पुलिस को दी शिकायत में मौसम ने बताया कि वह झज्जर जिले के एक गांव का रहने वाला है। 2 साल पहले उसकी मोगा की रहने वाली युवती से बातचीत शुरू हुई थी। पहले दोनों फोन पर बात करते थे, इसके बाद मुलाकातें शुरू हो गईं। घरवालों के खिलाफ जाकर उसने 2 साल पहले लव मैरिज कर ली। उनके कोई बच्चा नहीं है। 2. प्रेमी के साथ हाथ में हाथ डालकर खड़ी थी पत्नी
अब वह गुरुग्राम के बसई एन्क्लेव की गली नंबर 4 के एक मकान में पत्नी के साथ रहता है। वह टाटा ब्लू स्मार्ट टैक्सी चलाता है और नाइट शिफ्ट करता है। 7 अप्रैल की सुबह 6 बजे अपनी ड्यूटी से घर आया तो उसकी पत्नी कमरे में नहीं मिली। उसने छत पर जाकर देखा तो वह गांव के ही एक लड़के नवीन के हाथों में हाथ डालकर खड़ी थी। 3. सिर पर कट्‌टे की बट मारकर घायल किया
जब उसने दोनों को टोका तो नवीन झगड़ा करने लगा तथा अपनी जेब से देसी कट्टा निकालकर तान ली। उसे गोली मारने की धमकी देकर डराने की कोशिश की और सिर पर कट्‌टे की बट मारी। पत्नी ने उसे पीछे से पकड़ लिया और नवीन को वहां से भगाने की कोशिश करने लगी। इसी बीच उसने अपनी जान बचाने कि लिए वहां रहने वाले लोगों को आवाज लगाई और नवीन को पकड़ने की कोशिश की। 4. बोले- मेरठ हत्याकांड जैसा हाल कर देंगे
दोनों लड़ते-लड़ते सीढ़ियों से गिरते हुए नीचे आ गए। इसी बीच शोर सुनकर आसपास के और लोग भी आ गए। उसने नवीन से देसी कट्‌टा छीन लिया। जब वह भागने लगा तो मैंने उसको देसी कट्टा फेंक कर मारा, जो गली मे गिर गया। पत्नी और नवीन ने उसे कहा कि उनके बीच में मत आओ वर्ना मेरठ हत्याकांड जैसा हाल कर देंगे। इसके बाद दोनों फरार हो गए। 5. प्रेमी पर पहले भी मर्डर का केस दर्ज
मौसम ने पुलिस से गुहार लगाई है कि नवीन और पत्नी से जान का खतरा है। दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उसने अपना मेडिकल भी करवाया है। डर की वजह से वह अपने गांव लौट गया है। नवीन पर पहले भी कई मर्डर का केस दर्ज है और फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है। इंस्टाग्राम पर नवीन ने उसकी पत्नी से दोस्ती की और मिलने के लिए गुरुग्राम आ गया। जांच अधिकारी बोले- जल्द आरोपियों को पकड़ लेंगे
सेक्टर 10 थाना के जांच अधिकारी पुष्पेंद्र ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर पत्नी और नवीन के खिलाफ केस रजिस्टर्ड कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्‌टा बरामद किया है, उसमें गोली नहीं मिली है। पत्नी अपना मोबाइल घर पर ही छोड़कर गई है, जबकि नवीन का मोबाइल बंद आ रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *