उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में स्वागत वाटिका के पास मंगलवार को एक खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को पूरी तरह आगोश में ले लिया। कुछ ही देर में कार पूरी तरह जल गई। राहगीरों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई लेकिन तक पूरी कार जल चुकी थी। जानकारी अनुसार कार सड़क किनारे वाटिका के पास खड़ी हुई थी। कार में अंदर कोई नहीं था। राहगीरों ने कार में से अचानक धुआं निकलते देखा। फिर कुछ ही सेकेंड में आग की लपटें दिखने लगी। आग तेज होने पर लोगों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। इधर, पुलिस का कहना है कि कार किसकी है और किस कारण से उसमें आग लगी है, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।


